सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। रेलवे की जमीन पर लंबे समय से रह रहे गरीब लोगों को पुनर्वास दिए बिना बेदखल नहीं करने की मांग को लेकर सिपिआई(एम) ने आंदोलन शुरू किया है। साथ ही बदहाल नागरिक सेवाओं में जल्द सुधार और तत्काल सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई।
गुरुवार को सेवक मोड़ से मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम के नंबर-2 बोरो कार्यालय पहुंचा। बोरो कार्यालय में प्रदर्शन के साथ एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
पार्टी की ओर से कहा गया कि रेलवे की जमीन पर लंबे समय से रह रहे लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना उन्हें हटाना मानवीय नहीं है। इसके साथ ही शहर में बिगड़ती नागरिक सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की गई। इस मांग को लेकर आगामी 9 सितंबर को सिलीगुड़ी नगर निगम अभियान का आह्वान किया गया है।
