सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। आज से आधिकारिक रूप से जनगणना 2027 प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। पहले चरण में आम नागरिकों को अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम के जरिए अपनी जानकारी स्वयं जमा करने का अवसर दिया जा रहा है। इस सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया की शुरुआत के मौके पर सिलीगुड़ी में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने अपने घर पर बैठकर मोबाइल फोन के जरिए फॉर्म भरकर भागीदारी निभाई।
शनिवार सुबह सिलीगुड़ी नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मंत्री के घर पहुंचे और उन्हें सेल्फ एन्यूमरेशन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी विस्तार से समझाई। इसके बाद मंत्री शंकर घोष ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर फॉर्म जमा किया।
फॉर्म भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री शंकर घोष ने कहा कि जनगणना एक बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। देश के विकास, भविष्य की योजना और सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में यह आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “सिर्फ अपना फॉर्म भरना ही पर्याप्त नहीं है। परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, वरिष्ठ नागरिकों और जो लोग तकनीक का उपयोग करने में सहज नहीं हैं, उनकी भी इस प्रक्रिया में मदद करें। सभी के सहयोग से जनगणना का कार्य तेजी और सुचारू रूप से पूरा किया जा सकता है।”
