जलपाईगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। लगातार हो रही बारिश के कारण जलपाईगुड़ी शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। महज कुछ घंटों की बारिश में ही शहर के 25 वार्डों के अधिकांश हिस्सों में सड़कों पर पानी बहता हुआ देखा गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक जलपाईगुड़ी में लगभग 95 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते शहर की कई सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। कुछ जगहों पर तो घरों के सामने तक पानी घुस आया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हल्की बारिश में भी शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
वहीं, लगातार बारिश के कारण तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। सिंचाई विभाग के अनुसार, तीस्ता नदी के मेखलीगंज क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
