बागडोगरा, 24 मई (नि.सं.)। बागडोगरा के डारागांव इलाके में शनिवार सुबह एक हिरण बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, हिरण देर रात से ही इलाके में घूम रहा था। सुबह होते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पंचायत सदस्य को दी, जिसके बाद बागडोगरा वन विभाग को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद हिरण को सुरक्षित पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान हिरण के काटने से एक वनकर्मी घायल हो गया।
वन विभाग के अनुसार, पास में स्थित बागडोगरा जंगल से ही हिरण भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके में आ गया था। बरामद हिरण का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे फिर से जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
