सिलीगुड़ी, 5 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की इंफोर्समेंट ब्रांच (ईबी) ने डाबग्राम इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थित एक पाइप निर्माण फैक्ट्री में छापेमारी कर एक नामी कंपनी के नाम का अवैध इस्तेमाल कर बनाए जा रहे पाइप बरामद किए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री से करीब 1 लाख 41 हजार रुपये मूल्य के पाइप जब्त किए है।
जानकारी के अनुसार, ‘प्रिंस’ नामक पाइप निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों को शिकायत मिली थी कि डाबग्राम इंडस्ट्रियल टाउनशिप स्थित एक फैक्ट्री में उनकी कंपनी के नाम और लोगो का बिना अनुमति उपयोग कर पाइप तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है।
शिकायत के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की इंफोर्समेंट ब्रांच में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसी आधार पर बुधवार को ईबी की टीम ने उत्तरकन्या के पास स्थित उक्त फैक्ट्री में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के भीतर ‘प्रिंस’ लोगो लगे पाइप और पाइप निर्माण में इस्तेमाल होने वाले डाय (डाइज) बरामद किए। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से कंपनी के नाम और लोगो के उपयोग से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इसके चलते पुलिस ने लोगो लगे सभी पाइप जब्त कर लिए। जब्त पाइपों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 41 हजार रुपये है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की इंफोर्समेंट ब्रांच पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
