सिलीगुड़ी, 5 अगस्त (नि.सं.)। एनजेपी ट्रैफिक गार्ड की पहल पर सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। फुलेश्वरी बाजार के पास विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद, एसीपी चंदन दास समेत एनजेपी ट्रैफिक गार्ड के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
इस दौरान हेलमेट वितरण के साथ-साथ आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। ट्रैफिक नियमों का पालन करने का महत्व, हेलमेट के इस्तेमाल की जरूरत और दुर्घटनाओं से बचने के उपायों के बारे में राहगीरों और वाहन चालकों को जानकारी दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान हर दिन विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों में ट्रैफिक नियमों का पालन करने की आदत और मजबूत हो सके।
