नक्सलबाड़ी, 5 अगस्त (नि.सं.)। शिक्षा विभाग के निर्देशों के बावजूद प्राथमिक विद्यालय समय पर नहीं खुलने का मामला सामने आया है। यह घटना नक्सलबाड़ी के चिकथू जोत प्राथमिक विद्यालय की है, जहां स्कूल रोजाना 11 बजे के बाद खुलने का आरोप लगा है।
अभिभावकों और स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर बुधवार को भाजपा नेतृत्व ने स्कूल का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान देखा गया कि सुबह 10:57 बजे प्रधान शिक्षक और अन्य शिक्षक स्कूल पहुंचे, जबकि स्कूल 11:17 बजे के बाद खुला। आरोप यह भी लगाया गया कि प्रधान शिक्षक नशे की हालत में थे, जिससे स्थानीय लोगों और अभिभावकों में आक्रोश फैल गया।
इस मामले में भाजपा के नक्सलबाड़ी मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती ने शिक्षकों की लापरवाही पर नाराजगी जताई और बताया कि पूरे मामले की मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, प्रधान शिक्षक ने स्कूल देर से खुलने की बात स्वीकार की, लेकिन नशे में होने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि स्कूल में मात्र 12 छात्र हैं और शिक्षण कार्य के साथ-साथ जनगणना से जुड़े काम भी करने पड़ रहे हैं, जिसके कारण यह समस्या हो रही है।
