सिलीगुड़ी, 22 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के विद्युत कक्ष में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना को लेकर कुछ समय के लिए काफी हलचल देखी गई।
बताया गया कि अचानक विद्युत कक्ष से धुआं निकलता देखा गया। जानकारी मिलते ही नगर निगम के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पाया कि भवन के मुख्य स्विच बॉक्स में आग लगी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। उनकी तत्परता के कारण थोड़े ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया और दमकल विभाग को बुलाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। साथ ही नगर निगम के महत्वपूर्ण दस्तावेजों या बुनियादी ढांचे को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है।
