सिलीगुड़ी में एक साथ 5 फ्लैट में चोरी, इलाके में दहशत का माहौल

सिलीगुड़ी,17 जून (नि.सं.)। शहर के गांधीनगर स्थित शेल्कन रेजेंसी अपार्टमेंट में एक साथ पांच फ्लैट में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद से पूरे गांधीनगर और लोअर भानु नगर इलाके में दहशत का माहौल है। अपार्टमेंट के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम के 43 नंबर वार्ड अंतर्गत लोअर भानु नगर से सटे गांधीनगर इलाके में स्थित इस अपार्टमेंट में बीती रात भारी बारिश के दौरान तीन बदमाश पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने अपार्टमेंट के दो ब्लॉकों में स्थित खाली पड़े पांच फ्लैटों को निशाना बनाया और ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि जिन फ्लैटों में चोरी हुई, उनके मालिक फिलहाल बाहर हैं, जिसके कारण चोरी की कुल राशि का सही अंदाजा अभी तक नहीं लगाया जा सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने पहले से ही खाली फ्लैटों की रेकी की थी और योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद सुखदेव महतो भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने इलाके में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की भी बात कही। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes