राजगंज,19 जून (नि.सं.)। बाजार से घर लौटते समय एक सड़क दुर्घटना में नाना-नाती समेत कुल चार लोग घायल हो गए। शुक्रवार सुबह यह घटना सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के बंधुनगर इलाके में हुई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बंधुनगर इलाके में सड़क पार करने के लिए नाना और नाती खड़े थे। तभी जलपाईगुड़ी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार देती है। हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई। दुर्घटना में बाइक चालक और सवार भी घायल हो गए। घायलों की पहचान रिहान हुसैन (7) और मोहम्मद तुमीजुद्दीन के रूप में हुई है। दोनों बंधुनगर इलाके के निवासी है। वहीं घायल बाइक सवारों का घर भी राजगंज क्षेत्र में ही है।स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बचाकर फुलबाड़ी के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां वृद्ध मोहम्मद तुमीजुद्दीन की हालत बिगड़ने पर उन्हें उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही भोरेर आलो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
