सिलीगुड़ी, 15 अगस्त (नि.सं.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिलीगुड़ी स्थित आयकर कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिलीगुड़ी के प्रधान आयकर आयुक्त राजीव कुमार ने किया।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गणेश वंदना और वंदे मातरम् की प्रस्तुति ने समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI), सिलीगुड़ी टैक्सेशन बार एसोसिएशन तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और संगीत की प्रस्तुति दी। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी पर आधारित नाटक का भी मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य निभाने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र के विकास और एकता में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।
