जलपाईगुड़ी, 15 अगस्त (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी के किनारे अज्ञात किशोर का शव मिलने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। मृतक की पहचान करने के साथ ही हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान महादेव राय के रूप में हुई है। वह जलपाईगुड़ी शहर के फणींद्रदेव विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था।
प्राथमिक जांच में पुलिस का दावा है कि प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण महादेव की हत्या की साजिश रची गई थी। उसे पहले तीस्ता नदी किनारे एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मामले की जांच के दौरान जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित हुसैन समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
