सिलीगुड़ी, 21 अगस्त (नि.सं.)। एनजेपी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कन्याकुमारी-विवेक एक्सप्रेस से चार रोहिंग्या को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। गिरफ्तार रोहिंग्या की पहचान एनामुल हुसैन (23), नूर काहिमा (20), एनायत उल्लाह (23) और जैनू बीबी (21) के रूप में हुई है। जीआरपी सूत्रों के अनुसार, चारों 2017 से बांग्लादेश के कॉक्स बाजार स्थित जामतली और कुतुपालोंग शरणार्थी शिविर में रह रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि चारों ने 19 अगस्त को अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद 20 अगस्त को एक दलाल की मदद से गुवाहाटी से विजयवाड़ा जाने के उद्देश्य से 22504 डाउन कन्याकुमारी-विवेक एक्सप्रेस में सवार हुए थे।
चारों की यात्रा को लेकर पहले से मिली सूचना और उनकी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एनजेपी स्टेशन पर जीआरपी की एसओजी टीम ने अभियान चलाया। तलाशी और पूछताछ के दौरान संदेह गहराने पर चारों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एनजेपी जीआरपी ने शुक्रवार को गिरफ्तार चारों रोहिंग्या को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया है। पूरे मामले की जांच एनजेपी जीआरपी कर रही है।
