जलपाईगुड़ी, 21 अगस्त (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी के तीस्ता पुल पर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात भूटान जा रहा एक ट्रक तीस्ता पुल पर खराब होकर खड़ा था। ट्रक चालक उसकी मरम्मत कर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस, सदर ट्रैफिक पुलिस और मयनागुड़ी दमकल की एक इंजन मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में दोनों को जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पहले एक चालक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में भारी जाम लग गया। हालांकि, पुलिस की तत्परता से धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
