सिलीगुड़ी, 21 अगस्त (नि.सं.)। एक किलो मादक पदार्थ के साथ आशीघर चौकी की पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मालदा निवासी सुलेखा खातून और नक्सलबाड़ी निवासी सुप्रभा चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशीघर चौकी क्षेत्र के थारूघाटी इलाके में मादक पदार्थ की लेनदेन की योजना बनाई गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में अभियान चलाकर दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक किलो ब्राउन शुगर बरामद हुई।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मालदा से मादक पदार्थ लाकर फाड़ाबाड़ी इलाके में इसकी डिलीवरी करने की योजना थी। गिरफ्तार दोनों महिलाओं को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
