सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (नि.स.)। प्रधान नगर थाना क्षेत्र के सुकना से सटे साइलबाड़ी स्थित इलापाल चौधरी मेमोरियल ट्राइवल हिंदी हाई स्कूल में लगातार बदमाशों की आवाजाही और तोड़फोड़ की घटनाओं से दहशत का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं चिंतित हैं।
स्थिति यह है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण छात्र-छात्राओं को कक्षाओं के बजाय खुले मैदान में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। वहीं, शिक्षकों के लिए भी गर्मी में कक्षाओं के अंदर पढ़ाना मुश्किल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश लगातार स्कूल परिसर में घुसकर विद्युत उपकरणों को निशाना बना रहे हैं। बिजली की वायरिंग के तारों से लेकर स्विच बोर्ड तक को तोड़ दिया गया है। स्कूल की लगभग हर कक्षा में लगे विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा कंप्यूटर रूम को भी निशाना बनाया गया है।
स्कूल की प्रधान शिक्षिका ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बदमाश स्कूल परिसर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। 14 अगस्त से स्कूल में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। बुधवार रात बदमाशों ने स्कूल के मुख्य बिजली स्विच को भी तोड़ दिया, जिसके बाद गुरुवार से स्कूल की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी स्कूल से मिड-डे मील के सभी बर्तन चोरी हो गए थे। मामले की जांच के दौरान प्रधान नगर थाना पुलिस को पता चला था कि स्कूल के ही दो पूर्व छात्रों पर बर्तन चोरी करने का आरोप है। लगातार चोरी और तोड़फोड़ की घटनाओं से स्कूल प्रबंधन बेहद परेशान है। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन से की है।
शिकायत के आधार पर गुरुवार को प्रधान नगर थाने की सादे कपड़ों में पुलिस टीम स्कूल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शिक्षकों से बातचीत की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
