सिलीगुड़ी: प्रधानमंत्री आवास योजना फर्जीवाड़े मामले में तृणमूल के पूर्व पार्षद राम भजन महतो से घंटों पूछताछ

सिलीगुड़ी, 20 अगस्त (नि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित फर्जीवाड़े के जरिए आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को लाभ पहुंचाने के मामले में सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर तीन के पूर्व पार्षद और एमएमआईसी राम भजन महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। गिरफ्तारी से राहत के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के बाद अदालत ने फिलहाल उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है।

हाई कोर्ट के निर्देश के अनुसार राम भजन महतो गुरुवार सुबह पूछताछ के लिए प्रधान नगर थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने उनसे कई घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस ने यह जानने की कोशिश की कि आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ किन आधारों पर दिया गया।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए विक्रांत विमल नामक व्यक्ति ने प्रधान नगर थाने में वार्ड नंबर तीन के पूर्व पार्षद राम भजन महतो के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने के बाद पुलिस को आरोप मिला कि होटल मालिक विश्वजीत साह और चार मंजिला मकान के मालिक राकेश शाह जैसे आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को भी योजना का लाभ दिया गया।

इसके बाद प्रधान नगर थाने की पुलिस ने 14 अगस्त को विश्वजीत और राकेश को गिरफ्तार किया था। अदालत के निर्देश पर दोनों से रिमांड में पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को मामले में कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में राम भजन महतो की भूमिका शुरू से ही जांच के दायरे में रही है। इसी बीच गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग की। सरकारी पक्ष के वकील ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद हाई कोर्ट ने राम भजन महतो की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें पुलिस की जांच और पूछताछ में सहयोग करने का निर्देश दिया।

अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि राम भजन महतो को पूछताछ के लिए थाने में पेश होना होगा और पूछताछ की रिपोर्ट पुलिस को अगली सुनवाई में हाई कोर्ट के समक्ष पेश करनी होगी।

इधर, गुरुवार की पूछताछ के दौरान पुलिस को वार्ड नंबर 3 में प्रधानमंत्री आवास योजना के कथित फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आने की जानकारी मिली है। आरोप है कि एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी को भी इस योजना का लाभ दिया गया।

प्रधान नगर थाना पुलिस गुरुवार की पूछताछ की रिपोर्ट हाई कोर्ट के समक्ष पेश करेगी। मामले में आगे की सुनवाई के दौरान जांच की दिशा और स्पष्ट होने की उम्मीद है। इस विषय पर राम भजन महतो से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नही हो पाया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes