सिलीगुड़ी, 21 अगस्त (नि.सं.)। अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने सिलीगुड़ी नगर निगम में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले सभी पात्र महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। लेकिन सरकार की घोषणा के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी कई महिलाओं को अब तक योजना की राशि नहीं मिल रही है।
महिलाओं का कहना है कि ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद भी विभिन्न समस्याओं का हवाला देकर उन्हें संबंधित विभाग में ऑफलाइन संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों में संपर्क करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार से अपने वादे के अनुसार जल्द से जल्द अन्नपूर्णा योजना की राशि उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान नगर निगम में महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
