सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास वार्ड नंबर 1 इलाके में शुक्रवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब आरपीएफ की टीम अवैध निर्माण हटाने के लिए मौके पर पहुंची। आरपीएफ के पहुंचते ही इलाके में हंगामा शुरू हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जंक्शन रेलवे स्टेशन के सामने रेलवे की जमीन पर अवैध निर्माण किए जाने की सूचना पर आरपीएफ की टीम वहां पहुंची थी। जैसे ही कार्रवाई शुरू करने की तैयारी हुई, स्थानीय लोग और पूर्व पार्षद संजय पाठक विरोध में उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हालात बिगड़ते देख आरपीएफ को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। मौके पर जीआरपी और प्रधान नगर थाना पुलिस भी पहुंची। काफी देर तक बहस और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। आखिरकार, विरोध के चलते आरपीएफ बिना कोई कार्रवाई किए ही मौके से लौट गई, जिसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हुई।
पूर्व पार्षद संजय पाठक ने कहा कि जिस जमीन को खाली कराने आरपीएफ आई थी, उसके संबंध में रेलवे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाई और न ही पहले कोई नोटिस दिया गया। उन्होंने इसे रेलवे की मनमानी बताया और कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए विरोध जारी रखेंगे।
