सिलीगुड़ी, 31 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में वर्षों से करोड़ों रुपये का आयकर बकाया रखने वाले करदाताओं के खिलाफ आयकर विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। टैक्स वसूली अभियान के तहत शुक्रवार को माटीगाड़ा स्थित उत्तरायण टाउनशिप के लुमिना अपार्टमेंट में ओम प्रकाश जायसवाल और उनकी पत्नी सोनी जायसवाल के नाम पर दर्ज फ्लैट को कुर्क कर जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान फ्लैट के मुख्य द्वार पर संपत्ति कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया गया।
आयकर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जायसवाल दंपति पर पिछले लगभग 10 वर्षों से करीब 3.5 करोड़ रुपये का आयकर बकाया है। विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कर जमा करने के लिए कोई संतोषजनक पहल नहीं की गई। इसके बाद टैक्स रिकवरी की कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि यदि एक महीने के भीतर पूरा बकाया कर जमा नहीं किया गया, तो कुर्क की गई संपत्ति की नीलामी कर सरकारी राजस्व की वसूली की जाएगी।
गौरतलब है कि यह पहली कार्रवाई नहीं है। करीब एक महीने पहले भी आयकर विभाग जायसवाल के नाम पर दर्ज एक अन्य फ्लैट को अटैच कर चुका है। विभाग का कहना है कि पिछले एक महीने के दौरान सिलीगुड़ी आयकर इकाई ने 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को कुर्क और अटैच किया है।
