सिलीगुड़ी, 31 जुलाई (नि.सं.)। प्रधाननगर थाना ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और गुम हुए कुल 45 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग समय पर मोबाइल चोरी या गुम होने की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थी। इन शिकायतों के आधार पर प्रधाननगर थाने की पुलिस ने तकनीकी जांच, डिजिटल ट्रैकिंग और लगातार अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से 45 मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामदगी के बाद सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आज प्रधाननगर थाना में मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल पाएगा।
प्रधाननगर थाने की पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता के जरिए जल्द से जल्द कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।
