सिलीगुड़ी, 31 जुलाई (नि.सं.)। इको सेंसिटिव जोन में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए सुकना वन विभाग ने माटीगाड़ा इलाके में बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग और बीएलआरओ की संयुक्त टीम ने निमाई मौजा स्थित एम/एस बी.एन. रॉय एंड कंपनी के स्टोन क्रशर प्लांट पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्लांट की मशीनरी, संचालन प्रक्रिया, भूमि से जुड़े दस्तावेज और पर्यावरणीय स्वीकृतियों की जांच की। प्राथमिक जांच में नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
रेंज अधिकारी के निर्देश पर प्लांट को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। विभाग ने साफ किया है कि जांच पूरी होने और अनुमति मिलने तक प्लांट दोबारा चालू नहीं किया जा सकेगा। साथ ही, दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि इको सेंसिटिव क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
