सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

सिलीगुड़ी,12 अप्रैल (नि.सं.)। प्रधान नगर थाना पुलिस ने USDT क्रिप्टो के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लोगों के बैंक अकाउंट का इस्तेमाल कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (USDT) के नाम पर देश-विदेश में लाखों रुपये की ठगी करता था। आरोपी ऑनलाइन साइट पर USDT बेचने का झांसा देते थे और जैसे ही पैसे उनके खातों में आते, वे रकम निकालकर बैंक अकाउंट बंद कर देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश मजूमदार (30), प्रेम भद्रा (24), राजकुमार चौधरी (26), अनीश चौधरी (22), विवेक प्रधान (26), मो. मोइनुद्दीन (26), मनीष चौधरी (24) और रोहन चौधरी (25) शामिल हैं। इनमें से अधिकांश अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और जयगांव के निवासी हैं।


पुलिस ने आरोपियों के पास से 58 एटीएम कार्ड, 18 पासबुक, 8 चेकबुक और 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन से कई अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, इस गिरोह की तलाश देश के कई राज्यों की साइबर पुलिस को थी। गुप्त सूचना के आधार पर प्रधान नगर इलाके के एक घर में छापेमारी कर सभी आरोपियों को पकड़ा गया।


पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है और रिमांड की मांग की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *