सिलीगुड़ी, 13 अगस्त (नि.सं.)।सिलीगुड़ी के घोगोमाली स्कूल मैदान में खूंटी पूजा के साथ जनश्री क्लब ने दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष क्लब की पूजा 57वें वर्ष में प्रवेश करेगी।
हर साल की तरह इस बार भी आयोजकों ने अनोखी थीम के जरिए दर्शकों को चौंकाने की तैयारी की है। पिछले वर्ष पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाए गए पूजा पंडाल ने दर्शकों का खासा आकर्षण बटोरा था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी पूजा में कुछ नया देखने को मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, इस बार पूजा पंडाल का निर्माण दक्षिण भारत के कर्नाटक स्थित एक मंदिर को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। पूजा के दौरान घोगोमाली क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालु दक्षिण भारतीय परंपरा और वास्तुकला की अनूठी झलक का आनंद उठा सकेंगे।
