सिलीगुड़ी,17 जुलाई (नि.सं.)। शहर में एक बड़ी चोरी की साजिश का पर्दाफाश होने से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में योजना बनाकर एक सोने की दुकान में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते मामला सामने आने से बड़ी वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, चंपासारी मोड़ स्थित सब्यसाची क्लब के पास मुख्य सड़क पर एक ज्वेलरी शॉप है। दुकान से सटी दीवार के पास एक राजनीतिक दल का कार्यालय है, जो लंबे समय से खाली पड़ा था। इसी खाली ऑफिस का फायदा उठाकर बदमाशों ने दीवार के जरिए सुरंगनुमा रास्ता बनाकर दुकान तक पहुंचने की योजना बनाई थी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारी के तहत उस पार्टी कार्यालय की सफाई की जा रही थी। सफाई के दौरान दीवार में बनाई जा रही सुरंग और वहां रखे गैस कटर सहित अन्य संदिग्ध उपकरण देखकर लोगों के होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गैस कटर समेत कई उपकरण जब्त कर लिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यवसायियों का कहना है कि अगर समय रहते यह साजिश सामने नहीं आती, तो उनकी दुकान में बड़ी लूट हो सकती थी। उन्होंने प्रशासन से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
