सिलीगुड़ी,16 जुलाई (नि.सं.)। रथयात्रा के पावन अवसर पर हैदरपाड़ा स्पोर्टिंग क्लब ने खूंटी पूजन के साथ इस वर्ष की दुर्गा पूजा की तैयारियों की शुरुआत कर दी है। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर रथींद्रनाथ बसु मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस साल पूजा का मुख्य आकर्षण टेराकोटा कला पर आधारित थीम है। बंगाल की प्राचीन लोक कला और संस्कृति को केंद्र में रखते हुए पंडाल, प्रतिमा और लाइटिंग में टेराकोटा की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही पूजा के दौरान विभिन्न सामाजिक पहल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दर्शकों के लिए कई आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे।
क्लब के सचिव निमाई पाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि सरकारी अनुदान को लेकर कुछ चिंता है, लेकिन आर्थिक चुनौतियों के बावजूद पूजा के आयोजन में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
