सिलीगुड़ी , 16 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में महामाया स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित बड़ा मां काली पूजा के लिए खूंटी पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। इस वर्ष यह पूजा अपने चौथे वर्ष में प्रवेश कर रही है।
क्लब सूत्रों के अनुसार, पिछले साल की तरह इस बार भी लगभग 27 फीट ऊंची भव्य बड़ा मां की प्रतिमा पूजा का मुख्य आकर्षण होगी। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक लाइटिंग और कई विशेष आयोजन किए जाएंगे।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी हजारों की संख्या में भक्त और दर्शक पूजा में शामिल होंगे। खूंटी पूजन के अवसर पर क्लब के सदस्य, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
क्लब के महासचिव दुलाल पाल ने कहा कि बड़ा मां काली पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि इलाके के लोगों की भावनाओं और आपसी एकता का प्रतीक है। हर साल कुछ नया करने की कोशिश की जाती है।
