बागडोगरा, 16 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के नजदीक बागडोगरा में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची थी। पहचान छिपाने के लिए शव का सिर अलग कर दिया गया।
घटना मंगलवार को सामने आई, जब हांसखोवा चाय बागान में काम कर रहे श्रमिकों ने एक सिर कटा शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेजा। जांच में पुलिस को पता चला कि यह हत्या का मामला है।
मृतक की पत्नी समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में मृतक की पत्नी मोमिना बेगम, उसका प्रेमी सुदीप पाल शामिल हैं। वह बागडोगरा का रहने वाला है और सुदीप के दो भागना निताई पाल और बापी पाल और उसका दोस्त कौशिक नाथ शामिल हैं। तीनों जलपाईगुड़ी के रहने वाले हैं।
जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी पिछले 7 साल से विवाहेतर संबंध में थी। उसी के चलते इस हत्या की योजना बनाई गई। आरोपी प्रेमी ने मृतक को बिहार से बागडोगरा बुलाया, जहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक इमाम पेशे से तांत्रिक था। वहीं से बागडोगरा निवासी और तांत्रिक सुदीप पाल से दोस्ती हो गई थी। मृतक इमाम का ससुराल सिलीगुड़ी में है। सुदीप ने इमाम को सोमवार दोपहर बिहार के किशनगंज से बागडोगरा बुलाया था। फिर उसकी हत्या कर दी गई।
आज गिरफ्तार किए गए 5 लोगों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। दूसरी ओर, घटनास्थल से 5 किलोमीटर दूर फांसीदेवा के मुंशीबाड़ी इलाके में मृतक का सिर बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि यह सिर मृतक का ही है या नहीं।
