राजगंज, 16 जुलाई (नि.सं.)। सड़क के एक कलवर्ट का हिस्सा धंस जाने से राजगंज ब्लॉक के मझियाली ग्राम पंचायत अंतर्गत डांगापाड़ा इलाके के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंधुनगर होते हुए पाथरघाटा जाने वाले रास्ते पर स्थित यह कलवर्ट कुछ दिन पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इसके चलते रोजाना आने-जाने में दिक्कत हो रही है। न सिर्फ स्थानीय निवासी, बल्कि कारखानों और चाय बागानों में आने-जाने वाले वाहनों के चालकों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह सड़क बंधुनगर –डांगापाड़ा–पाथरघाटा होते हुए राजगंज जाने का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं।
स्थानीय निवासी प्रशांत बर्मन ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों के साथ आवागमन करना बेहद मुश्किल हो गया है। क्षेत्र में कई कारखाने और चाय बागान होने की वजह से भारी वाहन भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं, लेकिन कलवर्ट टूट जाने से उनका चलना भी प्रभावित हो रहा है।
इस समस्या की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द कलवर्ट की मरम्मत कर सड़क को सामान्य किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
