सिलीगुड़ी,15 जुलाई (नि.सं.)। सेवक ब्रिज से एक व्यक्ति के तीस्ता नदी में छलांग लगाने की घटना के बाद पिछले दो दिनों से मंगपू पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगपू पुलिस को सूचना मिली थी कि बाघ पुल के पास एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान पुल के पास एक संदिग्ध हालत में बाइक बरामद हुई। बाइक के नंबर की जांच करने पर पता चला कि वह सिलीगुड़ी के हाकिमपाड़ा निवासी एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है।
इसी बीच सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के पानीटंकी चौकी में एक व्यक्ति के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर लापता व्यक्ति के परिजन भी तीस्ता नदी पहुंचे। मंगपू पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट टीम कल शाम से लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
