फुलबाड़ी, 16 जुलाई (नि.सं.)। रथयात्रा के शुभ अवसर पर फुलबाड़ी बटतला दुर्गा पूजा कमेटी ने खूंटी पूजा के साथ इस वर्ष के दुर्गा पूजा की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इस बार पूजा अपने 44वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और हर साल की तरह इस बार भी भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।
इस वर्ष पूजा का थीम रखा गया है — “आइए, कुछ सोच कर जाएं”, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसी सोच के तहत पूरा पंडाल प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जाएगा।
फुलबाड़ी बटतला दुर्गा पूजा कमेटी पिछले कई वर्षों से सिलीगुड़ी शहर और राजगंज ब्लॉक के प्रमुख आकर्षणों में से एक रही है। इस बार भी यह पूजा बड़े बजट और आकर्षक सजावट के साथ दर्शकों को अपनी ओर खींचने के लिए तैयार है।
कमेटी के अध्यक्ष आशीष प्रमाणिक ने बताया कि इस वर्ष को खास बनाने के लिए कोलकाता के कुमारटुली से प्रतिमा मंगाई जाएगी और आकर्षक लाइटिंग की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। पूजा के दिनों में श्रद्धालुओं और दर्शकों को एक अनोखा अनुभव देने के लिए आयोजक पूरी तरह से तैयार हैं।
