सिलीगुड़ी, 24 मई (नि.सं.)। विद्या भारती उत्तर बंग के पहल पर माध्यमिक परीक्षा में सफल मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए ‘कृति विद्यार्थी मेधा सम्मान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार, इस संस्था द्वारा संचालित 9 शिक्षण संस्थानों के कुल 492 परीक्षार्थियों में से 487 छात्र-छात्राएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण हुए। इनमें से 43 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं एक छात्र ने राज्य के टॉप 10 में अपनी जगह बनाई।
इसके अलावा, बंगला माध्यम के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी इस उपलब्धि सूची में शामिल किया गया। इनमें अभिरूप भद्र ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और उत्तर बंग को गौरवान्वित किया। साथ ही CBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के कुल 6 मेधावी छात्रों को भी इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन, दार्जिलिंग जिले के विद्यालय निरीक्षक तथा विद्या भारती पूर्वांचल के कार्यकारी सदस्य दिवाकर घोष समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
