जलपाईगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। नशे की हालत में अपने ही सात महीने की बच्ची को लेकर भागने का आरोप एक पिता पर लगा है। यह घटना जलपाईगुड़ी शहर के बोसपाड़ा इलाके की है, जहां शुक्रवार रात इस घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बच्ची का पिता नशे की हालत में पत्नी की नजरों से बचकर उसके मायके से अपनी सात महीने की बेटी को लेकर रात के अंधेरे में निकल गया। इस दौरान स्थानीय लोगों को उस पर संदेह हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया। आरोप है कि स्थानीय लोगों की पकड़ से बचने के लिए उसने बच्ची को सड़क किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने बच्ची को सुरक्षित बचाकर पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सूचना पाकर बच्ची की मां भी वहां पहुंच गई और अपनी बेटी को वापस पा लिया।
बच्ची की मां गीता मंडल ने आरोप लगाया कि उनका पति दिन-रात नशा करता है। इसी कारण लंबे समय से उनके पति के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं और वह अपने मायके में रह रही हैं। उनका आरोप है कि पति घर आकर बच्ची को लेकर भाग गया।
वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि व्यक्ति को बच्ची के साथ जाते देख उन्हें शक हुआ। पीछा करने पर उसने बच्ची को सड़क किनारे छोड़ दिया और भाग गया। बाद में बच्ची को सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरे मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
