सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (नि.सं.)। विधानसभा के स्पीकर रथींद्र बोस शुक्रवार को सिलीगुड़ी जिला अदालत पहुंचे, जहां उन्होंने वकीलों और अदालत के कर्मचारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। वह कूचबिहार से लौटने के दौरान जिला अदालत पहुंचे थे।
इस दौरान स्पीकर ने उपस्थित अधिवक्ताओं के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। वकीलों की ओर से उनके समक्ष कई मांगें रखी गई, जिनमें नए कोर्ट भवन के निर्माण की मांग और सिलीगुड़ी को अलग जिला बनाने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल था।
इस संबंध में स्पीकर रथींद्र बोस ने कहा, “कई प्रस्ताव मेरे सामने रखे गए हैं। हालांकि मेरी जिम्मेदारी का क्षेत्र अलग है—मैं मंत्री या सीधे तौर पर सरकार का हिस्सा नहीं हूं। फिर भी अवसर मिलने पर संबंधित विभागों तक इन मुद्दों को पहुंचाने की कोशिश करूंगा।”
