सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (नि.सं.)। राज्य में नई सरकार के गठन के बाद शुक्रवार को सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) की पहली बोर्ड बैठक आयोजित की गई। दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरीशंकर पनिक्कर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पर्यटन मंत्री शंकर घोष, परिवहन व वित्त राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन, विधायक शिखा चट्टोपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बरसात के बाद लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं को लागू करने का निर्णय लिया गया। इन परियोजनाओं के तहत सड़क, ड्रेनेज, पेयजल, श्मशान घाटों के सुधार और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही तेनजिंग नोर्गे बस स्टैंड पर एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण, एसजेडीए मार्केट के पुनर्निर्माण तथा माटीगाड़ा परिवहन नगर के बस टर्मिनस के लिए धन आवंटित करने का भी फैसला लिया गया।
बैठक में नागराकाटा और धूपगुड़ी को एसजेडीए के दायरे में लाने की पहल, खास जमीन से जुड़ी जानकारी वेबसाइट पर प्रकाशित करने और कावाखाली के भूमिदाताओं की समस्याओं को जल्द कानूनी प्रक्रिया के जरिए सुलझाने का भी निर्णय लिया गया।
इसके अलावा पिछले 15 वर्षों के वित्तीय लेनदेन की विशेष ऑडिट कराने का फैसला किया गया है। करीब 200 करोड़ रुपये के वित्तीय अनियमितताओं, फ्लैट आवंटन में गड़बड़ी और इको-सेंसिटिव जोन में अवैध निर्माण के आरोपों की जांच के लिए विशेष ऑडिट और प्रशासनिक जांच समिति गठित की जाएगी।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
