सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। शहर की बढ़ती पार्किंग समस्या को हल करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। कंचनजंघा स्टेडियम के मेला मैदान में पार्किंग व्यवस्था के रूप में व्यवस्थित करने का काम शुरू हो गया है।
सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के मंत्री शंकर घोष ने शहर में पार्किंग की समस्या कम करने के उद्देश्य से इस मैदान को पार्किंग के रूप में उपयोग करने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से यहां पार्किंग व्यवस्था बनाने का काम तेज कर दिया गया है। मैदान में वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रवेश और निकास मार्ग को चौड़ा करने हेतु दीवार तोड़ने का काम भी शुरू हो गया है।
आज से इस पार्किंग व्यवस्था का ट्रायल रन भी शुरू किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान यह देखा जाएगा कि वाहनों के प्रवेश, पार्किंग और निकास में किस प्रकार की सुविधाएं या समस्याएं सामने आ रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को मंत्री शंकर घोष स्वयं मौके पर पहुंचकर पूरी व्यवस्था का जायजा लेंगे। प्रशासन की ओर से ट्रायल रन और उसके बाद समीक्षा के जरिए इस पार्किंग सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने की योजना है।
शहर में ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करने के लिए हाल के कदमों से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन स्थायी और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की मांग लंबे समय से की जा रही है। ऐसे में स्टेडियम के मेला मैदान को पार्किंग के रूप में व्यवहार करने की यह पहल एक अहम कदम मानी जा रही है।
