सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री से करीब 2 किलो सोना चोरी करने के आरोप में चेन्नई के तांबरम रेलवे पुलिस ने सिलीगुड़ी के पंजाबीपाड़ा इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल जायसवाल (64) के रूप में हुई है, जो पंजाबीपाड़ा इलाके का निवासी है। यह कार्रवाई भक्तिनगर थाने की पुलिस के सहयोग से किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चेन्नई के तांबरम रेलवे पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन सिलीगुड़ी में मिली। इसके बाद तांबरम रेलवे पुलिस की टीम सिलीगुड़ी पहुंची और भक्तिनगर पुलिस की मदद से पंजाबीपाड़ा इलाके में अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि ट्रेन यात्रा के दौरान एक यात्री के पास से करीब 2 किलो सोना चोरी किया गया था, जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत में पुलिस ने उसे चेन्नई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
