सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (नि.सं.)। बारिश के मौसम में शहर में डेंगू की रोकथाम के लिए नगर निगम की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार सुबह सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों का राज्य के पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने सिलीगुड़ी नगर निगम के कमिश्नर समेत अन्य अधिकारियों के साथ पहले विधान रोड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने यह देखा कि किन-किन जगहों पर पानी जमा हो रहा है, जमा पानी को जल्दी हटाने की व्यवस्था है या नहीं, और डेंगू रोकथाम के लिए नगर निगम की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
इसके बाद मंत्री विधान मार्केट क्षेत्र पहुंचे और वहां के व्यवसायियों से बातचीत की। उन्होंने बाजार की जल निकासी व्यवस्था समेत पूरे इलाके का निरीक्षण किया। बाजार के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के साथ ही उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मंत्री शंकर घोष ने कहा कि बारिश के समय जलभराव और डेंगू की स्थिति को लेकर प्रशासन को और अधिक सक्रिय होकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि विधान मार्केट की जल निकासी व्यवस्था की समस्याओं को भी गंभीरता से देखा जा रहा है। सभी समस्याओं का समाधान एक साथ संभव नहीं है, लेकिन चरणबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
