पहाड़ की स्थायी समस्याओं के समाधान के लिए सिलीगुड़ी में अहम बैठक, कमेटी गठित

सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (नि.सं.)। पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सिलीगुड़ी में पहाड़ के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की है। बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट समेत पहाड़ के कई राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।

बैठक में पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी गठित किया गया है। इस कमेटी का नेतृत्व केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त मध्यस्थ पंकज सिंह करेंगे। बताया गया है कि पहाड़ के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को भी कमेटी में शामिल किया गया है।

बैठक के बाद दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि संविधान के दायरे में रहते हुए पहाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई कमेटी का गठन किया गया है और बैठक में सभी ने अपने विचार रखे, जिन्हें गृह मंत्री अमित शाह ने गंभीरता से सुना है।

राजू बिष्ट ने कहा कि पहाड़ में विकास के सभी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीएम और तृणमूल कांग्रेस ने पहाड़ की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहाड़ के लोगों की तकलीफों को दूर करेगी।

वहीं, राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि चर्चा काफी अच्छी रही है। जिस समाधान की जरूरत है, उसकी शुरुआत हो चुकी है। पंकज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम पहाड़ से जुड़े सभी मुद्दों को देखेगी।

गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा के महासचिव रोशन गिरि ने कहा कि पहाड़ की समस्याओं को केंद्र सरकार के समक्ष रखने के लिए एक कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी के माध्यम से पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही विभिन्न मांगों और समस्याओं को केंद्र के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक नियमों का पालन करते हुए सभी समस्याओं के समाधान का रास्ता तलाशा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes