पिकनिक स्पॉट पर अचानक आ धमके विशालकाय गजराज, लोगों के छूटे पसीने

सिलीगुड़ी, 9 जनवरी (नि.सं.)। ठंड के मौसम में लोग पिकनिक का मजा लेने में वयस्थ थे। पिकनिक को लेकर सभी लोग काफी उत्साहित थे।लेकिन तभी कुछ ऐसा हो गया। जिसकी कल्पना शायद किसी ने नहीं की थी।


दरअसल उनके पिकनिक के रंग में भंग डालने अचानक एक हाथी उनके समक्ष आ गया। एक तरफ हाथी को देख कई लोग भागने लगे,कई लोग भगवान का नाम लेने लगे। वहीं, कुछ ऐसे साहसी लोग भी थे,जो इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद करने लगे। रविवार को सिलीगुड़ी शहर के पास बागडोगरा के बैंगडुबी के सेंट्रल बस्ती इलाके में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है।

आपको बता दें कि हर साल सर्दी के मौसम में विभिन्न जगहों से लोग पिकनिक मनाने के लिए यहां आते है। लेकिन रविवार को पिकनिक मनाने के दौरान अचानक हाथी लोगों के सामने आ गया। बताया गया है कि सुबह से पिकनिक का आयोजन चल रहा था। कई लोगों ने अपने मेनू के हिसाब से खाना बनाना शुरू कर दिया था। लेकिन इस दौरान खाने की महक दूर-दूर तक फैल गयी। इसी खुशबू ने एक गजराज को भी आमंत्रित कर दिया। इसके बाद गजराज पिकनिक स्पॉट पर आ धमका। इधर,अचानक हाथी को देख लोग सामान छोड़ कर भागने लगे।


कुछ देर बाद हाथी फिर से जंगल में चला गया। इस घटना के बाद कई लोगों को यह समझ आ गयी है कि जंगल के अंदर पिकनिक मनाना खतरनाक साबित हो सकता है। पर्यावरणविदों ने वन्यजीवों के खातिर जंगलों के अंदर पिकनिक मनाने पर प्रतिबंध लगाने के अलावा नियम की अवहेलना करने वालों के खिलाफ वन विभाग से सख्त कार्रवाई करने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *