राजगंज, 31 जुलाई (नि.सं.)। राजगंज के संन्यासीपाड़ा में कच्ची चाय पत्तियों से लदी एक गाड़ी को रोककर छोटे चाय उत्पादकों ने सड़क पर पत्तियां फेंक कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विभिन्न स्थानों पर कच्ची चाय पत्तियों की खरीद-बिक्री बंद रखी जा रही है, लेकिन यह नियम सभी पर समान रूप से लागू नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि एमआरएल जांच का हवाला देकर कुछ किसानों की पत्तियां नहीं ली जा रही हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ फैक्ट्रियां अपने बागानों से गुप्त रूप से कच्ची पत्तियों की खरीद-बिक्री कर रही हैं।
इसी मुद्दे पर अलग-अलग नियम लागू किए जाने के विरोध में चाय उत्पादकों ने यह प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चाय पत्तियों से भरी एक गाड़ी को रोककर पत्तियां सड़क पर फेंक दीं और अपना विरोध जताया।
चाय उत्पादकों की मांग है कि यदि एमआरएल से संबंधित नियम लागू किए जाते हैं तो उन्हें सभी के लिए समान रूप से लागू किया जाए।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “अगर हमें एमआरएल जांच की रिपोर्ट या संबंधित दस्तावेज दिखाए जाते हैं तो हम गाड़ी को छोड़ देंगे। लेकिन एक ही मुद्दे पर दो तरह के नियम हम स्वीकार नहीं करेंगे।”
