सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के मौके पर सीआईडी, पश्चिम बंगाल ने गुरुवार को सिलीगुड़ी गर्ल्स स्कूल में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसका उद्देश्य छात्राओं को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति सतर्क करना और बचाव के उपाय बताना था।
कार्यक्रम में सीआईडी के अधिकारियों, शिक्षिकाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि तस्कर अक्सर बेहतर नौकरी, अधिक वेतन या विदेश भेजने का झांसा देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं और बाद में उनका शोषण करते हैं।
छात्राओं को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव पर तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें और सोशल मीडिया पर भी सतर्क रहें। साथ ही उन्हें कानूनी अधिकारों और आपात स्थिति में मदद लेने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही मानव तस्करी जैसे अपराध को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
