सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। ईस्टर्न बाईपास इलाके में लंबे समय से लगातार सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही थी। इस स्थिति को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यहां एक नए ट्रैफिक सिग्नल बूथ का उद्घाटन किया गया है, जिससे दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
गुरुवार को ढाकेश्वरी काली मंदिर के सामने आशीघर सब ट्रैफिक गार्ड की पहल पर इस नए ट्रैफिक सिग्नल बूथ का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद, एडीसीपी पूर्णिमा शेरपा, एसीपी चंदन दास सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
इस बूथ में सीसीटीवी कैमरे और मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिनकी मदद से इलाके की ट्रैफिक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। पुलिस के अनुसार, किसी भी दुर्घटना या जाम की स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव होगी।
गौरतलब है कि ईस्टर्न बाईपास क्षेत्र जनसंख्या के लिहाज से काफी व्यस्त है, लेकिन अब तक वहां पर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन नहीं था, जिसके कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती थी। नए ट्रैफिक सिग्नल बूथ के शुरू होने से यातायात अधिक नियंत्रित और सुचारु होने की उम्मीद जताई जा रही है।
