सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। शादी का झांसा देकर किराएदार महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में धोखा देने के आरोप में सिलीगुड़ी महिला थाना पुलिस ने एक मकान मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विप्लव सरकार (29) के रूप में हुई है, जो शहर के वार्ड नंबर 47 स्थित महामाया कॉलोनी का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 14 तारीख को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार संबंध बनाए और बाद में उसे धोखा दिया। इतना ही नहीं, आरोपी पर धमकी देने और पीछा करने का भी आरोप है।
जांच के दौरान पता चला कि शिकायत के बाद आरोपी फरार हो गया था। हालांकि, बुधवार रात सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर उसे आज अदालत में पेश किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
