सिलीगुड़ी, 29 जुलाई (नि.सं.)। प्रधान नगर थाना क्षेत्र के दागापुर बंदरी जोत इलाके में एक युवक की बहुमंजिला खाली इमारत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार एक युवक साइकिल लेकर इलाके में पहुंचा और लंबे समय से खाली पड़ी बहुमंजिला इमारत में प्रवेश कर सीढ़ियों के जरिए ऊपर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने इमारत की ऊंचाई से सामने स्थित वाटर पार्क की ओर किसी को जोर-जोर से आवाज लगाई। इसके कुछ ही मिनट बाद वह नीचे गिरा हुआ पाया गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय युवकों ने तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
