सिलीगुड़ी, 29 जुलाई (नि.सं.)। बर्दमान रोड पर बने नए फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद शहरवासियों को उम्मीद थी कि लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। हालांकि, फ्लाईओवर के चालू होते ही एयरव्यू मोड़ पर जाम की नई समस्या सामने आ गई है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार को सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा खुद मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्मसुद्दीन अहमद, एसीपी (ट्रैफिक) सुबीर दत्त समेत ट्रैफिक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फ्लाईओवर और उसके आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही का बारीकी से जायजा लिया। पाया गया कि फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है, लेकिन उससे उतरने के बाद एयरव्यू मोड़ और उससे जुड़े मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है।
अधिकारियों ने फ्लाईओवर के प्रवेश और निकास मार्ग, ट्रैफिक सिग्नल, यू-टर्न प्वाइंट और प्रमुख चौराहों का भी निरीक्षण किया। साथ ही यह आकलन किया गया कि किन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल या ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती आवश्यक है, ताकि जाम की समस्या पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।
पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने निर्देश दिया कि एयरव्यू मोड़ सहित फ्लाईओवर से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक संचालन की नई रणनीति लागू की जाए, जिससे वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यातायात को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
