सिलीगुड़ी, 29 जुलाई (नि.सं.)। कई वर्षों से करोड़ों रुपये का आयकर बकाया न चुकाने के मामले में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने एक कंपनी के निदेशक सतीश गोयल और उनकी पत्नी सरिता गोयल के नाम पर दर्ज तीन फ्लैटों को कुर्क कर अटैच कर दिया।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, सतीश गोयल पर लंबे समय से करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन न तो भुगतान किया गया और न ही नोटिसों का संतोषजनक जवाब दिया गया।
लगातार अनदेखी के बाद आयकर विभाग ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की। बुधवार को विभाग की टीम शालुगाड़ा के कालचक्र रोड स्थित संस्कृति अपार्टमेंट पहुंची और सतीश गोयल के नाम पर दर्ज दो फ्लैट तथा उनकी पत्नी सरिता गोयल के नाम पर दर्ज एक फ्लैट पर कुर्की-जब्ती का नोटिस चस्पा कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया कर जमा नहीं करने पर आयकर विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए इन संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई से लंबे समय से कर बकाया रखने वाले अन्य करदाताओं में भी हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी राजस्व की वसूली के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
