सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। अपनी दिवंगत मां की स्मृति को सम्मान देने के लिए समाजसेवी दीपंकर माणिक अरोड़ा ने एक सराहनीय मानवीय पहल की मिसाल पेश की है। गुरुवार को अपनी मां के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने हैदरपाड़ा स्थित अपने आवास पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, वस्त्र वितरण सहित कई सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
करीब डेढ़ वर्ष पहले मां के निधन के बाद उनकी याद को जीवित रखने और समाज की असहाय व जरूरतमंद माताओं के साथ खड़े होने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हैदरपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों की 350 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को नई साड़ियां वितरित की गई। साथ ही, कई स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इस सामाजिक पहल में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। आयोजकों की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के लिए इस तरह के सामाजिक कार्य जारी रहेंगे।
इस मौके पर दीपंकर माणिक अरोड़ा ने कहा, “मां के जन्मदिन पर समाज की माताओं की सेवा करने का यही हमारा प्रयास है। उनकी स्मृति को सम्मान देते हुए लोगों के साथ खड़े रहना हमारी छोटी सी कोशिश है। आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य करते रहेंगे।”
