जलपाईगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। जिला परिषद की कर्माध्यक्ष और फरार तृणमूल नेता कृष्ण दास की बेटी प्रणयिता दास को गुरुवार को जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जैसे ही वह थाने पहुंची, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर अंडे फेंके। इतना ही नहीं, गाड़ी को रोककर भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध जताया। थाने के अंदर प्रवेश के दौरान कुछ आक्रोशित महिला कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर प्रणयिता दास के बाल पकड़कर खींचतान भी की, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
प्रदर्शनकारी विभिन्न आरोपों को लेकर नारेबाजी करते रहे, जिससे माहौल और भी गरम हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और सुरक्षा घेरे में प्रणयिता दास की गाड़ी को थाने के अंदर ले जाया गया। इसके बाद हालात को नियंत्रित किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अदालत के निर्देश पर पेशी देने के लिए प्रणयिता दास गुरुवार को जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने पहुंची थी, जहां यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।
