सिलीगुड़ी, 30 जुलाई (नि.सं.)। पुराने मारपीट मामले में तृणमूल छात्र नेता सौरव भास्कर को गुरुवार सुबह सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली।
इसी दौरान अदालत परिसर में एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने भास्कर को निशाना बनाते हुए उन पर अंडे फेंके। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात को काबू में किया।
वहीं, अदालत से बाहर निकलते समय तृणमूल युवा कांग्रेस के एक नेता पर हमले का आरोप भी सामने आया। तृणमूल के जिला अध्यक्ष कुंतल राय ने दावा किया कि अदालत परिसर से निकलते वक्त प्रमित देव पर अचानक हमला किया गया।
घटना के बाद प्रमित देव ने बताया, “मैं गाड़ी लेकर कोर्ट से निकल रहा था, तभी एबीवीपी के 30-35 लड़कों ने मुझे घेर लिया। उन्होंने हेलमेट और पत्थर से मेरे सिर पर हमला किया, जिससे मेरा सिर फट गया और टांके लगाने पड़े।”
